आम आदमी पार्टी ने लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। राज्यसभा सांसद और उद्योगपति संजीव अरोड़ा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। यह सीट विधायक गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से हुई मौत के बाद खाली हुई थी।
यह जानकारी पार्टी की तरफ से जारी की गई. संजीव अरोड़ा साल 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे। वहीं, विपक्षी दल वाले आरोप लगा रहे हैं कि पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को इस सीट से भेजने की कोशिश की जा रही है। जिसके बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा भेजे जाने की चर्चाओं पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि पार्टी के स्तर पर अभी तक इस प्रकार की कोई बात नहीं हुई है। विपक्ष ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठा रहा है। विपक्ष के नेता विधानसभा के अंदर कोई मुद्दा उठा नहीं सकते ना ही कुछ बोल सकते हैं इसलिए इस प्रकार के मुद्दे गुमराह करने के लिए उठा रहे हैं।

बता दें कि संजीव अरोड़ा का एक्सपोर्ट इंडस्ट्री में प्राइमरी बिजनेस है। वह पिछले तीन दशकों से रितेश इंडस्ट्रीज लिमिटेड कंपनी चला रहे हैं। उनकी कंपनी USA को निर्यात करती है और उनका ऑफिस वर्जीनिया में है। संजीव अरोड़ा ने चंडीगढ़ रोड पर हैम्पटन बिजनेस पार्क और हैम्पटन होम्स को भी विकसित किया है, जो 70 इंडस्ट्री के लिए एक हब के तौर पर काम करता है। 2018 में उन्होंने फेमेला फैशन लिमिटेड कंपनी लॉन्च की और महिलाओं के कपड़ों के ब्रांड फेमेला की स्थापना की। इसके बाद साल 2019 में उन्होंने मेटल बिजनेस में भी कदम रखा, जिसकी मेक इन इंडिया योजना के तहत सुजुकी मोटर्स के साथ पार्टनरशिप है। पंजाब से सदस्य के रूप में राज्यसभा में उनका कार्यकाल 10 अप्रैल 2022 से शुरू हुआ था। संजीव अरोड़ा का कार्यकाल 2028 तक है।

