कपूरथला की सब डिवीज़न सुल्तानपुर लोधी में गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा साहिब पर कब्जे को लेकर माहौल तनावपूर्ण है। सुबह पुलिस तथा निहंगों के बीच फायरिंग की भी खबर है जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत होने तथा एक पुलिसकर्मी घायल होने की खबर है मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे हुए हैं।
सुलतानपुर लोधी SHO लखविंदर सिंह के अनुसार फायरिंग में एक पुलिस मुलाजिम जसपाल सिंह की मौत हुई है जबकि जबकि एक अन्य मुलाजिम के उंगली पर कृपान लगने से घायल हुआ है।
वही सूत्रों की माने तो इस घटना में 6 लोग घायल हुए हैं। जिनका उपचार सुलतानपुर लोधी के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
इसी मामले में देर रात गांव बूसोवाल रोड पर डेरा पीर गेब पर कब्जा करने के आरोप में 10 निहंगो को सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने काबू किया है। इनमें से कुछ 2020 में हुई इसी तरह की झड़प में दर्ज हुए कत्ल केस में वांछित भी शामिल हैं। वहीं कल गुरुद्वारा साहिब पर कब्जे को लेकर हुई की झड़प मामले में मामला दर्ज कर लिया है।
SSP वत्सला गुप्ता के अनुसार कई वर्षो से गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के सामने बाबा बुड्ढा दल 96 करोड़ी संत बलबीर सिंह सिंह का कब्जा चला आ रहा था, जिनकी ओर से अपने दो सेवादारों को गुरुद्वारा अकाल बुंगा में बिठाया हुआ था, जिनका नाम निरवैर सिंह और जगजीत सिंह है।
21 नवंबर दिन मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे बाबा बुड्ढा दल के अलग हुए गुट के मुखी संत बाबा मान सिंह की ओर से अपने 15-20 साथियों के साथ गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा साहिब में जबरन दाखिल हो गए और निरवैर सिंह को रस्सियों से बांध लिया और जगजीत सिंह पर हथियारों से वार किए और इन दोनों का असलहा, मोबाइल व पैसे छीनकर गुरुद्वारा साहिब पर कब्जा कर लिया। जिस पर जगजीत सिंह के बयान पर बाबा मान सिंह और उनके 15-20 साथियों पर थाना सुल्तानपुर लोधी में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
वहीं बुधवार को निहंग सिंह मान सिंह के 10 सेवादार निहंग सिंहों की ओर से बाबा बलबीर सिंह के दूसरे डेरे गांव बूसोवाल रोड के समीप पीर गेब पर कब्जा करने की कोशिश की गई। इस पर पुलिस को सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर उक्त 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 15 मई 2020 को दोनों गुटों में हुइ झड़प में कत्ल समेत विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज केस में वांछित आरोपी भी शामिल हैं।
सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती जख्मियों की पहचान डीएसपी भुलत्थ भारत भूषण सैनी, एएसआई सुखदेव सिंह, कांस्टेबल बबलप्रीत सिंह, एएसआई अशोक कुमार, एएसआई गुरमीत सिंह, सुरिंदर सिंह, अमनदीप सिंह, हरभजन सिंह, रमनदीप सिंह और हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है।
मृतक की पहचान जसपाल सिंह निवासी गांव मनियाला के तौर पर हुई है। फिलहाल फायरिंग बंद है। जब माहौल बिगड़ा तो पुलिस ने स्थिति को नियंतत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े। डीसी कपूरथला कैप्टन करनैल सिंह, आईजी जालंधर रेंज एस. भूपति समेत आला अधिकारी सुल्तानपुर लोधी पहुंच गए हैं और इस स्थिति से कैसे निपटा जाए, इसे लेकर गुरुद्वारा बेर साहिब में मीटिंग की जा रही है। बुधवार से ही पुलिस वाटर कैनन लेकर गुरूद्वारा साहिब में दाखिल होने के लिए प्रयासरत थी।

