सुल्तानपुर लोधी(कपूरथला)। स्थानीय गुरुद्वारा श्री अकाल बुंगा साहिब में सुबह की घटना के दौरान शहीद हुए होमगार्ड के जवान जसपाल सिंह (50) का गुरुवार को उनके गांव मनियाला में सरकारी सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
पंजाब के विशेष डीजीपी अर्पित शुक्ला, डीआइजी एस. भूपति, डीआईजी राजपाल सिंह संधू, डीआईजी चरणजीत सिंह, आम आदमी पार्टी नेता सज्जन सिंह चीमा और अन्य पदाधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी।
विशेष डीजीपी व अन्य अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों के साथ अपना दुख साझा करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। अर्पित शुक्ला ने परिवार के साथ सहानुभूति जताते हुए कहा कि पंजाब पुलिस परिवार की हरसंभव मदद के लिए हमेशा तैयार रहेगी।
अंतिम संस्कार के बाद स्पेशल डीजीपी ने पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने परिवार की आर्थिक मदद के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि शहीद जसपाल सिंह के एक बेटे को पंजाब पुलिस में नौकरी दी जाएगी और दूसरे को भी रोजगार दिया जाएगा। शहीद जसपाल सिंह के परिवार में उनकी पत्नी कमलेश और दो बेटे गुरप्रीत और विशाल हैं।

