लुधियाना में जीएसटी में जुर्माना कम करवाने की एवज में आबकारी और कर विभाग के ईटीओ और इंस्पेक्टर को विजिलेंस की टीम ने पांच लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ईओ विंग की टीम ने दोनों आरोपियों को गुरुवार सुबह दफ्तर में रंगे हाथ दबोच लिया। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया गया है
एसएसपी विजिलेंस ईओ विंग सुबा सिंह ने बताया कि रविंदर कुमार का सराभा नगर में रॉयल इस्टा नाम से कपड़े का शोरूम है। उक्त शोरूम में जीएसटी का जुर्माना लगा था। उनका विभाग के साथ कोई विवाद था तो आरोपियों के साथ मुलाकात हुई। दोनों ने रविंदर कुमार से कहा कि वह उसका जुर्माना कम करवा सकते हैं। आरोपियों ने इसके लिए 15 लाख रुपये रिश्वत मांगी।
रविंदर ने उन्हें 12 लाख रुपये देने की बात कही। उन्होंने पांच लाख रुपये एडवांस के तौर पर मांगे। इसके बाद रविंदर कुमार ने इसकी शिकायत विजिलेंस ईओ विंग के पास की। गुरुवार को रविंदर कुमार पैसे देने गया तो विजिलेंस की टीम ने दोनों को काबू कर लिया। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


