महानगर जालंधर में हुए दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की माैत हो गई। दोनों के परिवार स्पोटर्स कारोबार से जुड़े हुए हैं। दोनों एक एक्टिवा पर सवार थे और एक बोलेराे पिकअप गाड़ी ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि पिकअप का चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान पंकज निजात्म 30 और मोहित 31 निवासी बस्ती के रूप में हुई है।मृतक के परिजनों का कहना है कि दोनों दोस्त अपने अन्य दोस्तों के साथ एक फ्रेंड की बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे थे। पुलिस ने केस दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक पंकज की तो मात्र तीन महीने पहले ही शादी हुई थी व मोहित अपने परिजनों का इकलौता बेटा था। हादसे में 2 घरों के चिराग बुझने से परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है।
मृतक के परिजनों की माने तो उनके बेटे अंबेडकर चौक से फुटबाल चौक की तरफ आ रहे थे तो शरणजीत अस्पताल के पास एक काले रंग की अज्ञात गाड़ी ने उनकी एक्टिवा को साइड मार दी। इसके चलते उनका बैलेंस बिगड़ गया, जिससे वह पीछे से आ रही महिंद्रा पिकअप के नीचे आ गए हैं। पिकअप उन्हें काफी दूरी तक घसीटते ले गई, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। हालांकि दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार यह हादसा रात दो बजे के करीब हुआ, जिसकी उन्हें सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। माना जा रहा है कि कैमरों में एक काले रंग की गाड़ी दिख तो रही है, लेकिन गाड़ी का नंबर पहचान में नहीं आ सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

