जालंधर; पंजाब के वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कलेक्शन में शानदार 44.44 प्रतिशत की वृद्धि के बाद, राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को हार्दिक बधाई दी। आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि जीएसटी राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि पंजाब की बढ़ती समृद्धि और इसके लोगों द्वारा बढ़ती चीजों की खरीद का प्रमाण है।
डॉ. मित्तल ने कहा, “जीएसटी में 44.44 प्रतिशत की वृद्धि एक समृद्ध पंजाब का परिणाम है, जहां लोग अधिक खरीददारी कर रहे हैं, जिससे अधिक बिक्री हो रही है और इस प्रकार जीएसटी इक्ट्ठा हो रहा है। यह सीएम भगवंत मान के ‘रंगला पंजाब’ के दृष्टिकोण का मूल है।”जून 2025 में पंजाब का नेट जीएसटी कलेक्शन ऐतिहासिक 2,379.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह आंकड़ा जून 2024 में एकत्र किए गए 1,647.69 करोड़ रुपये की तुलना में 44.44 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि दर्शाता है। रेवन्यू में यह पर्याप्त वृद्धि राज्य के भीतर मजबूत आर्थिक गतिविधि को उजागर करती है।
डॉ. मित्तल ने आगे जोर देकर कहा कि यह वृद्धि न केवल राष्ट्रीय औसत से आगे निकल गई है, बल्कि कर जुटाने में पंजाब को शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों में भी स्थान दिलाती है, जो सरकार के प्रभावी राजकोषीय प्रबंधन और राज्य के आर्थिक विकास में जनता की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

