39वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हाकी टूर्नामेंट का शुभारंभ स्थानीय सरकार मंत्री ने किया
पंजाब सरकार ने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की अपनी वचनबद्धता दोहराई
खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए किया प्रेरित
जालंधर, अक्तूबर(टॉक हिंदुस्तान) पंजाब के स्थानीय सरकार मंत्री डा. इंदरबीर सिंह निज्जर ने आज स्थानीय ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में 39वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार की वचनबद्धता को दोहराया।
इस अवसर पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने और युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे है, जिसके अधीन ‘खेडां वतन पंजाब दीया’ का राज्य भर में एक प्रयास किया गया है।
कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य खेलों पर पूरा ध्यान देकर राज्य को खेल के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है, जिसे राज्य के खिलाड़ियों और लोगों के सहयोग से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर पर पदक दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने खिलाडिय़ों को खेल भावना से खेलने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जहां खेल से मुकाबले की भावना पैदा होती है, वहीं खिलाड़ियों में आपसी मित्रता भी बढ़ती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेल खेलने और जीत-हार को खुले हाथों से स्वीकार करने को कहा।
उन्होंने युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में सुरजीत हॉकी सोसायटी द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस सोसायटी ने कई खिलाड़ी तैयार किए है, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता साबित की है।
इस बीच चौथा नॉक आउट मैच भी आर्मी ग्रीन और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें स्थानीय शासन मंत्री डा. इंदरबीर सिंह निज्जर, जिनके साथ विधायक रमन अरोड़ा, डिप्टी कमिशनर जसप्रीत सिंह भी मौजूद थे, ने खिलाड़ियों से मिलते हुए खेल का आऱंभ किया ।
इससे पहले डिप्टी कमिशनर जसप्रीत सिंह, जो सुरजीत हॉकी सोसाइटी के अध्यक्ष भी है, ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया और कहा कि टूर्नामेंट में देश भर से प्रसिद्ध टीमें भाग ले रही है। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब अमेरिका और कनाडा में मैचों के सीधा प्रसारण की व्यवस्था की गई है।
इस मौके पर नगर निगम की संयुक्त कमिशनर शिखा भगत, ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी, अतिरिक्त डिप्टी कमिशनर (ज) अमित महाजन, एसडीएम. बलबीर राज सिंह, आप नेता राजविंदर कौर, दिनेश ढल आदि मौजूद थे।

