कपूरथला ( गौरव मढ़िया ) केंद्र सरकार ने वन नेशन, वन इलेक्शन के लिए एक कमेटी गठित की है और इसके बाद से देश में वन नेशन,वन इलेक्शन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।वहीं वन नेश वन इलेक्शन पर भाजपा जिला प्रधान रणजीत सिंह खोजेवाल की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।खोजेवाल ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस पर कहा,
वन नेशन वन इलेक्शन एक अभिनंदनीय प्रयास है,हमें ये जानकर प्रसन्नता है कि वन नेशन वन इलेक्शन के लिए जो कमेटी बनी है उसके अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को बनाया गया है।उन्होंने कहा कि देश के हित में एक देश,एक चुनाव के लिए उठाया गया शानदार कदम है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक कदम है।खोजेवाल ने कहा कि देश में मौजूदा समय में कहीं न कहीं चुनाव होते रहते हैं।इसके चलते न केवल राज्य सरकारों,बल्कि केंद्र सरकार के विकास कार्य भी रुक जाते हैं।
बार-बार चुनाव से काफी पैसा भी खर्च होता है।प्रशासन पर भी बोझ पड़ता है।इसे कम कराने के लिए देश में एक चुनाव की जरूरत है।खोजेवाल ने कहा,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार ने हमेशा एक राष्ट्र-एक चुनाव के मुद्दे पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि भारत में पहले भी समकालिक चुनाव होते रहे हैं।यह भारत के लिए नई बात नहीं।1951-52 में भारत में तत्कालीन समस्याओं के बावजूद लोकसभा और सभी विधानसभाओं का चुनाव एक साथ हुआ था।इसी तरह 1957,1962 और 1967 में भी इस व्यवस्था के अंतर्गत ही चुनाव हुए थे।हालांकि,1968 और 1969 में नए राज्यों के गठन के चलते यह नहीं हो पाया था।
खोजेवाल ने कहा कि इससे विकास कार्यों को पूरा करने में आने वाली बाधाएं दूर हो जाएंगी,जो आदर्श आचार संहिता के कारण बाधित होती हैं।उन्होंने कहा कि हर कुछ महीनों में अलग-अलग जगहों पर चुनाव होते हैं और इसका विकास कार्यों पर जो प्रभाव पड़ता है,वह सभी जानते हैं।इसलिए,एक राष्ट्र एक चुनाव पर गहन अध्ययन और विचार-विमर्श जरूरी है।इस अवसर पर भाजपा जिला महासचिव एडवोकेट पियूष मनचंदा,यूथ बीजेपी जिला प्रधान सन्नी बैंस,एससी मोर्चा के जिला प्रधान रोशन लाल सभरवाल,जिला सचिव अश्वनी तुली आदि उपस्थित थे।

