जालंधर: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधान मंत्री, महामहिम श्री टोनी एबॉट, रविवार, 25 फरवरी, 2024 को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के 11वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे ऑस्ट्रेलिया के 28वें प्रधान मंत्री, श्री टोनी एबॉट (एंथनी जॉन एबॉट) एक प्रतिष्ठित राजनेता, विद्वान और नेता हैं, जिन्होंने विशिष्टता और समर्पण के साथ अपने देश और दुनिया की सेवा की है। उन्होंने सिडनी विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र और कानून में अलग-अलग स्नातक की उपाधि प्राप्त की , और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से राजनीति और दर्शनशास्त्र में आर्ट्स पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री प्राप्त की, जहां वे रोड्स स्कॉलर थे।
ऑस्ट्रेलिया के 2013 से 2015 तक प्रधान मंत्री बनने से पहले उन्होंने पत्रकारिता, व्यवसाय और राजनीति में भी अपना करियर बनाया | वह बैटललाइन्स, ए स्ट्रॉन्ग ऑस्ट्रेलिया और द मिनिमल मोनार्की सहित कई पुस्तकों के लेखक भी हैं। माननीय पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवता के सामान्य कल्याण के लिए उनके बहुमुखी उपक्रमों की मान्यता में, एलपीयू की मानद डॉक्टरेट की डिग्री से सम्मानित भी किया जाएगा।
एलपीयू का 11वां दीक्षांत समारोह अकादमिक उत्कृष्टता और उपलब्धि का एक भव्य उत्सव होगा, क्योंकि भारत और विदेश से कई हजारों विद्यार्थी अपने संबंधित प्रोग्राम्स को पूरा करने के लिए डिग्री/डिप्लोमा प्राप्त करेंगे। दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय के बलदेव राज मित्तल यूनिपोलिस में आयोजित किया जाएगा, जो 15,000 से अधिक की बैठने की क्षमता वाला एक अत्याधुनिक सभागार है। दीक्षांत समारोह वर्ष 2020, 2021, 2022 और 2023 के लिए रेगुलर और डिस्टेंस एजुकेशन दोनों बैचों के विद्यार्थियों के लिए होगा।
एलपीयू के संस्थापक चांसलर और राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने कहा, “हमारे 11वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधान मंत्री महामहिम श्री टोनी एबॉट का स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत खुशी हो ही है। उनकी उपस्थिति हमारे स्टूडेंट्स और शिक्षकों को अपने संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्टता और नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी। मुझे उम्मीद है कि यह दीक्षांत समारोह सभी प्रतिभागियों के लिए एक यादगार और समृद्ध अनुभव होगा।
इस अवसर पर, शीर्ष 343 मेधावी विद्यार्थियों को ‘शैक्षणिक पदक’ प्रदान किए जाएंगे, जिन्होंने अपने शैक्षणिक प्रदर्शन और सह-पाठ्यचर्या संबंधी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनके साथ साथ 83 स्वर्ण पदक विजेता और 525 पी.एच.डी. विद्वानों का भी विशेष सम्मान होगा। दीक्षांत समारोह में प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षाविदों, उद्योग जगत के लीडर्स, पूर्व विद्यार्थियों, अभिभावकों और मीडिया की भी उपस्थिति होगी।
एलपीयू के दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता हमेशा शीर्ष अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय राजनेताओं द्वारा की गई है, जिन्होंने अपने ज्ञान और दूरदर्शिता से स्टूडेंट्स और स्टाफ मेंबर्स को प्रेरित किया है अतीत में एलपीयू के दीक्षांत समारोहों की शोभा बढ़ाने वाली कुछ प्रतिष्ठित हस्तियों में भारत के राष्ट्रपति पद्म विभूषण स्वर्गीय श्री प्रणब मुखर्जी, भारत के उपराष्ट्रपति श्री मुप्पावरपु वेंकैया नायडू, मॉरीशस गणराज्य की महामहिम राष्ट्रपति डॉ. अमीना फिरदौस गुरीब फकीम, शांति के लिए नोबेल पुरस्कार विजेता परमपावन दलाई लामा, अफगानिस्तान के राष्ट्रपति श्री हामिद करजई और अन्य शामिल हैं।सभी डिग्री/डिप्लोमा प्राप्तकर्ताओं को अपनी भागीदारी की पुष्टि करने के लिए दीक्षांत समारोह के लिए पंजीकरण कराना आवश्यक है।

