कपूरथला : अमेरिका से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां कपूरथला जिले के नारंगपुर गांव में रहने वाले एक परिवार में घरेलू विवाद के चलते युवक ने अपने भाई की गोली मारकर हत्या कर दी, वहीं इस घटना में उसकी मां भी घायल हो गई। इसके बाद कथित आरोपी ने घर से कुछ दूर जाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों भाइयों के शवों को कब्जे में ले लिया और मृतकों की मां को अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में जानकारी देने वाले मृतक के पारिवारिक सदस्य पूर्व सरपंच सरबजीत सिंह पप्पल ने बताया कि उनके चाचा पूर्व सरपंच सूरत सिंह, जिनका बेटा भूपिंदर सिंह पिछले 40 वर्षो से अमेरिका के रिच-मंडहिल में अपने दो बेटों करमजीत सिंह मुल्तानी और विपनपाल मुल्तानी के साथ रहता था। बीती रात जब भूपिंदर सिंह का बड़ा बेटा करमजीत मुल्तानी घर आया तो उसने अपने कमरे में सो रहे अपने 26 वर्षीय छोटे भाई विपनपाल मुल्तानी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर उसके माता-पिता बाहर आ गए। बचाव के दौरान मां को भी गोली लग गई।
इस घटना के बाद हमलावर करमजीत मुल्तानी घर से निकल गया। जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने पुलिस को सूचना दी। अमेरिका पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जबकि इस घटना के दौरान विपन मुल्तानी मृत पाया गया। इस घटना के बाद जब पुलिस हत्यारे की तलाश में निकली तो घर से एक किलोमीटर दूर हत्यारा युवक भी मृत पाया गया है। घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस ने विभिन्न पहलुओं की जांच करते हुए घर को सील कर दिया है। इस घटना की खबर जब गांव नारंगपुर पहुंची तो गांव में शोक की लहर फैल गई। पूरे क्षेत्र और परिजनों में मातम का माहौल है।

