कपूरथला 8 मई (गौरव मढ़िया) : कपूरथला पुलिस ने दोहरे कत्ल के एक सनसनीखेज मामले को सुलझाते हुए मामले में शामिल मुख्य आरोपी सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दोहरे हत्याकांड में शामिल मास्टर माइंड को गुजरात के कछ क्षेत्र में चली एक बड़े आपरेशन के दौरान गिरफ्तार किया गया है। इस संबंधी पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए एस.एस.पी. कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि सुदेश कुमार ने 24 अप्रैल 2025 को फगवाड़ा पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसका पुत्र संजीव कुमार तथा उसकी दोस्त अंजु पाल जो कि फगवाड़ा के ऐ.जी.आई. फ्लैट में रहते थे, जो कि लापता हैं। जिस पर जब थाना सदर फगवाड़ा की टीम फ्लैट में पहुंची तो वहां पर एक लड़की मिली, जिसने पुलिस को बताया कि अज्ञात आरोपियों ने उसकी माता तथा संजीव कुमार को 19-20 अप्रैल की आधी रात करीब 1 बजे अगवा कर लिया था।
इस पूरे मामले को लेकर एस.एस.पी. ने बताया कि जब उन्हें इस संबंधी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए एस.पी. (डी) प्रभजोत सिंह तथा एस.पी. फगवाड़ा रुपिन्दर कौर की निगरानी में एक विशेष टीम जिसमें डी.एस.पी. फगवाड़ा भरत भूषण, डी.एस.पी. (डी) परमिन्दर सिंह, सी.आई.ए. स्टाफ कपूरथला के इंचार्ज इंस्पेक्टर जरनैल सिंह तथा सी.आई.ए स्टाफ फगवाड़ा के इंचार्ज बिशमन सिंह को शामिल किया गया। इस टीम ने उनकी निगरानी में लगातार काम करते हुए इस पूरे मामले के मास्टर माइंड हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर, जो कि खतरनाक अपराधी है, की पहचान कर ली। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि पहले से ही लुधियाना में वर्ष 2012 में हुए डी.एस.पी. बलराज सिंह तथा उसकी दोस्त के दोहरे कत्ल के मुख्य आरोपी हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर इस पूरे मामले का मास्टर माइंड है तथा उसने गन्नप्वाइंट पर अपने साथियों के साथ इस किडनैपिंग को अंजाम दिया है।
जिस पर पुलिस ने तकनीकी मदद लेते हुए लुधियाना में आरोपियों की लौजिस्टीक मदद करने वाले कुलदीप सिंह उर्फ बिल्ला, बलराज कौर तथा रुपिन्दर उर्फ पिन्दरी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इस पूरे घटना का मास्टर माइंड हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर इस समय गुजरात के कच्छ क्षेत्र में छीपा हुआ है। जिस पर एस.एस.पी. कपूरथला गौरव तूरा ने खुद इस मामले की निगरानी करते हुए गुजरात पुलिस के सीनियर अधिकारियों के साथ सम्पर्क किया। जिस दौरान 28 अप्रैल 2025 को कपूरथला पुलिस तथा गुजरात पुलिस ने सांझे तौर पर कार्यवाही करते हुए मुख्य मास्टर माइंड हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी तलवाड़ा, हब्बोवाल, लुधियाना को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसको ट्रांजिट रिमांड पर फगवाड़ा लाकर अदालत में पेश किया गया। जिसे अदालत ने 8 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी मनजोत सिंह उर्फ फ्रूटी पुत्र गुरदीप सिंह निवासी वसंत विहार, हंबड़ा रोड़, लुधियाना तथा एक अन्य आरोपी के साथ मिल कर संजीव कुमार तथा अंजु पाल के गन्नप्वाइंट पर हाथ-पांव बांध दिए थे तथा संजीव कुमार की कार में ही दोनों को रात करीब 1 बजे अगवा करके अपने साथ ले गए थे तथा उक्त आरोपियों ने संजीव कुमार तथा अंजू पाल का गला घोट कर कत्ल कर दिया था। एस.एस.पी. गौरव तूरा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर पुलिस को लगातार उलझा रहा था तथा जांच में दोनों लाशों को राजस्थान फिडर नहर में फैंकने की झूठी बातें कर रहा था। लेकिन इसी दौरान पुलिस ने तेजी से कार्यवाही करते हुए पिन्दर के दूसरे साथी मनजोत सिंह उर्फ फ्रूटी को 5 मई को छापामारी के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद जब दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपियों की निशानदेही पर संजीव कुमार तथा अंजू पाल के शव गांव चाहड़, थाना लाडुवाल, लुधियाना से बरामद कर ली गई। पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर ने वर्ष 2019 में अंजू पाल से शादी की थी। लेकिन उसके बाद अंजू पाल से उससे नाता तोड़ लिया था तथा उसे मैसेज करने बंद कर दिए थे।
पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी मुख्य मास्टर माइंटर हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर के खिलाफ दोहरे हत्याकांड सहित विभिन्न थानों में 10 मामले दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी मनजोत सिंह उर्फ फ्रूटी के खिलाफ 3 अपराधिक मामले दर्ज हैं। एस.एस.पी. गौरव तूरा ने बताया कि आरोपियाें से पूछताछ का दौर जारी है। एस.एस.पी. ने बताया कि पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि मामले का मास्टर माइंड हरविन्दर सिंह उर्फ पिन्दर जो कि डी.एस.पी. बलराज सिंह तथा उसकी दोस्त के कत्ल कांड के दोहरे कत्ल में उम्र कैद की सजा भुगत रहा था तथा वह 25 फरवरी 2025 को पैरोल पर जेल से बाहर आया था तथा उसने 23 अप्रैल 2025 को वापिस जेल जाना था। जब कि दूसरा आरोपी मनजीत सिंह उर्फ फ्रूटी वर्ष 15 सितंबर 2023 को पैरोल पर जेल से बाहर आया था, परंतु वह वापिस जेल नहीं गया था। पूछताछ के दौरान ओर भी कई सनसनीखेज खुलासे होने की संभावना है। इस पत्रकार सम्मेलन में एस.पी. (डी) प्रभजोत सिंह, एस.पी. फगवाड़ा रुपिन्दर कौर, डी.एस.पी. (डी) परमिन्दर सिंह, डी.एस.पी. फगवाड़ा भारत भूषण तथा सी.आई.ए स्टाफ कपूरथला के इंचार्ज इंस्पेक्टर जरनैल सिंह के साथ कई अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।