करतारपुर 16 जून (जसवंत वर्मा )सिविल सर्जन जालंधर के दिशा-निर्देशों तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंदर कौर के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतारपुर एवं ब्लॉक के विभिन्न हेल्थ एंड वेलनेस क्लीनिकों में योग सप्ताह मनाया गया।
इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीवानचंद धीर के मार्गदर्शन में विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। योग सत्र का संचालन आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज आनंद द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में जानकारी दी तथा सभी को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंदर कौर ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने का एक वैज्ञानिक तरीका है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में योग शरीर और मन के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी दैनिक दिनचर्या में कम से कम 30 मिनट योग के लिए अवश्य निकालें, ताकि गैर-संचारी रोगों से बचाव किया जा सके तथा स्वस्थ जीवन व्यतीत किया जा सके।
इस कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर श्री हिमालया प्रकाश द्वारा किया गया। योग सत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतारपुर एवं विभिन्न हेल्थ एंड वेलनेस क्लीनिकों के समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न योग आसनों का अभ्यास किया।कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

