कपूरथला, 27 जनवरी (गौरव मढ़िया)लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाना पंजाब सरकार का लक्ष्य है, अगर लोग स्वस्थ रहेंगे तो पंजाब तरक्की करेगा।यह बात सरदार गुरपाल इंडियन चेयरमैन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट कपूरथला ने रायका मोहल्ला में आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में 400 आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए जा रहे हैं, जो पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान की तरफ़ से किए वादे अनुसार स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में क्रांति के लिए एक मील का पत्थर है।उन्होंने कहा कि कपूरथला मैडिकल के क्षेत्र में हब के रूप में उभरेगा और 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का काम भी जल्द शुरू होगा।

इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्य विभाग की डिप्टी डायरेक्टर डा. जसविंदर कुमारी ने कहा कि इन आम आदमी क्लीनिक में 48 प्रकार के टेस्ट और 105 प्रकार की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध होंगी।इतना ही नहीं इन क्लीनिकों में ओपीडी. सुविधाएं, टीकाकरण की सुविधा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
सीनियर मैडिकल अधिकारी संदीप धवन ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा. उन्होंने कहा कि लोगों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ डॉक्टरो की सेवाएं मिलेंगी। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने आम आदमी क्लीनिक का जायज़ा भी लिया।
इस दौरान सहायक सिविल सर्जन डा.अनु रतन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डा.सुखविंदर कौर, मैडिकल अधिकारी डा.नवदीप कौर, डा.सिद्धार्थ, डिप्टी मास मीडिया अधिकारी सुखदयाल सिंह, बीईई रविंदर जस्सल सहित अन्य उपस्थित थे।

