पंजाब बहुजन समाज पार्टी से बर्खास्त चल रहे पूर्व अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी बुधवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। पंजाब आप प्रधान अमन अरोड़ा और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जसवीर सिंह गढ़ी को पार्टी में शामिल करवाया।

दरअसल, बहुजन समाज पार्टी से जसबीर सिंह गढ़ी को पार्टी विरोधी गतिविधियां करने पर बर्खास्त कर दिया गया था। जसबीर सिंह गढ़ी साल 2019 से बसपा प्रधान की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी अध्यक्षता में ही साल 2022 में विधानसभा चुनाव लड़ा गया था। इस चुनाव में पार्टी ने शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन किया था। उनकी अध्यक्षता में ही बीएसपी महासचिव नच्छतर पाल सिंह ने नवांशहर से जीत हासिल की थी।

वहीं, उन्होंने खुद भी फगवाड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ा था। वह 31232 वोट (24.41%) लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व पंजाब प्रधान जसबीर सिंह गढ़ी को पार्टी से निष्कासित करने के बाद पार्टी हाई कमान की तरफ से अवतार सिंह करीमपुरी को नया प्रधान बनाया गया था। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष कुमारी मायावती द्वारा ये आदेश जारी किया गया था।

