करतारपुर ( जसवंत वर्मा ) सिविल सर्जन जालंधर डॉ. राजेश गर्ग के निर्देशों के तहत सीएचसी करतारपुर द्वारा सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. सिमरनजीत कौर की अगुवाई में आर्मी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, जालंधर कैंट के विद्यार्थियों के सहयोग से एचपीवी वैक्सीन और सर्वाइकल कैंसर संबंधी जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली करतारपुर शहर के शहरी क्षेत्र में निकाली गई। इस मौके पर डॉ. जैक्सन, बीईई राकेश सिंह, एलएचवी इंदिरा, नर्सिंग ट्यूटर संध्या, लवप्रीत और आशा कार्यकर्ता मौजूद थे।
एसएमओ डॉ. सिमरनजीत कौर ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 वर्ष की लड़कियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर ह्यूमन पैपिलोमावायरस के लगातार संक्रमण के कारण होता है।
डॉ. सिमरनजीत कौर ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमावायरस से होने वाला सर्वाइकल कैंसर एक ऐसा कैंसर है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि 90 दिनों के अभियान के दौरान 14 वर्ष की आयु की लड़कियां टीकाकरण के लिए पात्र होंगी और जो लड़कियां अभियान की शुरुआत से 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की हो जाएंगी, वे भी इस तीन महीने की विशेष मुहिम के लिए पात्र होंगी।
उन्होंने बताया कि सीएचसी करतारपुर में प्रतिदिन वैक्सीन लगाई जाएगी एसएमओ ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्देश्य लड़कियों को एचपीवी संक्रमण के संभावित जोखिम से पहले ही सुरक्षित कर सर्वाइकल कैंसर को रोकना है। एचपीवी टीकाकरण एक प्रभावी रोकथाम उपाय है, जो बेटियों के लिए एक स्वस्थ और कैंसर-मुक्त भविष्य सुनिश्चित करता है।

