करतारपुर/जालंधर, 08 सितम्बर : पंजाब के बागवानी मंत्री चेतन सिंह जौडामाजरा और स्थानीय निकाय मंत्री बलकार सिंह ने आज किसानों को अपनी आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण अपनाने का न्योता दिया। करतारपुर दाना मंडी में ज्वाइंट पोटैटो ग्रोवर्ज़ एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘किसान मेले’ की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा और बलकार सिंह ने कहा कि गेहूं-धान फसल चक्र को छोड़कर किसानों को फसलों में विविधता अपना कर आय दोगुनी करनी चाहिए । उन्होंने कहा कि किसानों को अधिक उत्पादन और अधिक आय के लिए वैकल्पिक फसलें जैसे गन्ना, दालें और सब्जियां आदि की खेती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फसल विविधीकरण से न केवल भूजल की बचत होगी बल्कि ज़मीन की उपजाऊ शक्ति में भी सुधार होगा।

कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौडामाजरा और बलकार सिंह ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के लिए विभिन्न फसलों और नई तकनीकों के संबंध में प्रशिक्षण कार्यशालाएं भी आयोजित करेगी ताकि वे अधिक से अधिक लाभ कमा सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब को उपजाऊ धरती का वरदान है और यहां कोई भी फसल उगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा उपजाऊ भूमि और भूमिगत जल को बचाने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे है।

कैबिनेट मंत्रियों ने किसानों को विशेषज्ञों के सुझावों के अनुरूप खेती करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से ‘किसान मेला’ आयोजित करने के लिए एसोसिएशन की भी सराहना की। इससे पहले उन्होंने मेले में लगे विभिन्न स्टालों का भी दौरा किया। इस अवसर पर चेयरपर्सन राजविंदर कौर थियाडा, विभिन्न विभागों के अधिकारी और ज्वाइंट पोटैटो ग्रोवर्ज़ एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।


