चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने जानकारी दी है कि जालंधर वेस्ट (एससी) उपचुनाव के लिए 10 जुलाई को मतदान होगा। इस संबंध में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।जालंधर वेस्ट विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को उपचुनाव होगा। यह सीट शीतल अंगुराल के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। अंगुराल ने आप की टिकट पर इस सीट से चुनाव जीता था लेकिन लोकसभा चुनाव से कुछ समय पहले वे भाजपा में शामिल हो गए थे और उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
मतदान के बाद अंगुराल ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया था लेकिन उससे पहले ही विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने इस्तीफा मंजूर कर लिया। विधानसभा सचिव की ओर से पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी को भी इस संदर्भ में नोटिफिकेशन की कॉपी भेजी गई थी जिसमें जालंधर पश्चिमी-34 नंबर सीट को 30 मई, 2024 से खाली दिखाया गया था।
सिबिन ने कहा कि 14 जून अधिसूचना (शुक्रवार) को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून (शुक्रवार) होगी। नामांकन पत्रों की जांच 24 जून (सोमवार) को होगी जबकि नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून (बुधवार) है। उन्होंने कहा कि 10 जुलाई (बुधवार) को मतदान होगा और 13 जुलाई (शनिवार) को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।
सिबिन सी ने कहा कि उपचुनाव की घोषणा के साथ ही आज यानी सोमवार से जालंधर पश्चिम क्षेत्र में चुनाव संहिता लागू हो गई है। यह संहिता 15 जुलाई (सोमवार) तक चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी। बता दें कि 34-जालंधर पश्चिम (एससी) विधायक शीतल अंगुराल के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी।

