नई खेल नीति पंजाब को देश में अग्रणी बनाएगी-चीमा
जालंधर, 3 नवंबर : 40वां सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट आज सुरजीत हॉकी स्टेडियम में धूमधाम से समाप्त हुआ। इंडियन ऑयल मुंबई और कैग दिल्ली की टीमों के बीच फाईनल मैच हुआ। इस दौरान वित्त मंत्री हरपाल चीमा मुख्य मेहमान के तौर पर शामिल हुए। 25 अक्तूबर को शुरू हुई चैंपियनशिप में फाईनल मैच सहित कुल 19 मैच हुए जिसमें पंजाब एंड सिंध बैंक दिल्ली, सीएजी नई दिल्ली, इंडियन रेलवे दिल्ली, इंडियन ऑयल मुंबई, इंडियन नेवी मुंबई, इंडियन एयर फोर्स, बीएसएफ जालंधर, पंजाब पुलिस, पंजाब नैशनल बैंक दिल्ली, एफसीआई, और आर्मी-11 दिल्ली में खेले गए।
संबोधन के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में खेलों को समर्थन देने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह बहुत सम्मान की बात है कि पंजाब के खिलाड़ियों ने हाल के एशियाई खेलों में 20 पदक जीते है और पंजाब के 10 खिलाड़ी एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा एक नई खेल नीति पहले ही शुरू की जा चुकी है जो राज्य को खेलों में अग्रणी बनाएगी।
चीमा ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पंजाब को खेल में अग्रणी बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खेड़ा वतन पंजाब दीयां की शुरुआत की गई है ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बढिया मंच दिया जा सके। सुरजीत हॉकी अकादमी के लिए 20 लाख रुपये की ग्रांट की घोषणा करते हुए, मंत्री ने हाकी के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए अकादमी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने अकादमी को राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय खेल हाकी को बढ़ावा देने और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू ने भी सुरजीत हाकी सोसायटी के प्रयासो की प्रशंसा करते कहा कि यह टूर्नामेंट हर साल पूर्व ओलंपियन और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सुरजीत सिंह रंधावा की याद में आयोजित किया जाता है, जिनकी मृत्यु 7 जनवरी 1984 को जालंधर में कार दुर्घटना में हुई थी। उन्होंने1 एमपी फंड से स्टेडियम के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
इससे पहले, डिप्टी कमिश्नर-कम-सुरजीत हॉकी सोसाइटी के अध्यक्ष विशेष सारंगल और अन्य पदाधिकारियों ने टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। इस मौके पर इंडियन ऑयल के डीजीएम राजन बेरी, पंजाब स्टेट कंटेनर एंड वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन की चेयरपर्सन राजविंदर कौर थियाडा, पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन मंगल सिंह और अन्य भी मौजूद थे। इस दौरान मशहूर पंजाबी गायक हरजीत हरमा ने अपने गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया।

