जालंधर : जालंधर में पठानकोट बाईपास पर स्थित रणवीर क्लासिक के पास भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। यहां एक ट्रक और एक कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के चिथड़े उड़ गए। मृतकों में 2 महिलाएं व एक बच्चा शामिल है। हादसे वाली कार में 2 पुरूष, 3 महिलाएं व 2 बच्चे सवार थे। इनमें 2 महिलाए व एक बच्चे की मौत हो गई है।वहीं कार में सवार एक बच्चे व एक महिला को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा दिया गया था। बताया जा रहा है कि बच्चे का हाथ टूट गया है व महिला को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे में दोनों पुरूषों की जान बच गई है। ट्रक से टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग कार में भी फंस गए। मृतकों को क्रेन की सहायता से कार से बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग व पुलिस बचाव कार्य में जुट गई थी। क्रेन की मदद से कार की छत उखाड़ी गई व उसके बाद कार को काटकर उसमें सवार लोगों को बाहर निकाला गया। कार में सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही उच्च पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। बताया जा रहा है कि पूरा परिवार लुधियाना की ओर जा रहा था।
वहीं, हादसे के बाद हाईवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे किया गया और यातायात को सुचारू किया गया। कार में सवार लोग अपने परिवार के साथ लुधियाना में एक निजी अस्पताल में भर्ती बीमार मां से मिलने जा रहे थे, मगर रास्ते में ही यह हादसा हो गया। मौके पर पहुंचे एएसआई सतपाल ने कहा कि कार में करीब सात लोग सवार थे। जख्मियों को हाईवे पर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

