भागलपुर में प्रेम विवाह से नाराज पिता ने बेटी समेत दामाद और नातिन को गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना को मृतका के पिता और भाई ने अंजाम दिया है। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हैं। घटना नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया गांव की है। मृतकों की पहचान गणेश प्रसाद सिंह के पुत्र चंदन कुमार (42), चंदन की पत्नी चंदा कुमारी (25) और चंदन की बेटी रौशनी कुमारी (डेढ़ साल) के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक भागल पुर की इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई, घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। भागलपुर में हुई वारदात में आरोपियों ने पति-पत्नी और उनके दुधमुंहे बच्चे को गोली मार दी गई। इस ट्रिपल मर्डर केस के बाद पुरा भागलपुर दहल गया है।
दरअसल भागलपुर का नवगछिया पुलिस जिला केला, कलाई और क्राइम के लिए मशहूर रहा है और इस वारदात ने एक बार फिर से लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। बता दें की चंदन और चांदनी की शादी 2021 में हुई थी और उसकी डेढ़ साल की बेटी रोशनी थी।
सूचना के अनुसार लड़की के परिवार वालों को इस दंपति की रिश्ता खटक रहा था। मृतक चंदन के भाई केदारनाथ सिंह ने बताया कि एक ही गांव में चंदन का दो मकान है। एक में माता और पिता रहते थे तो दूसरे में वह अपने परिवार के साथ रहता था। जब वह अपने परिवार के साथ पिता से मिलकर वापस लौट रहा था इसी दौरान घर से बाहर निकलते ही लड़की के पिता पप्पू सिंह और लड़की के भाई धीरज ने दोनों पर पहले रॉड से हमला किया और फिर बच्चा समेत तीनों को आंख व सिर में गोली मार दी। गोली लगने के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह दिल दहला देने वाली वारदात भागलपुर के पुलिस जिला नवगछिया अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया में हुई है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय थाना पुलिस अपने दलबल के साथ पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। लेकिन इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में खौफ का माहौल है।
घटना के संबंध में नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि आरोपी पप्पू सिंह राज मिस्त्री का काम करता है। घटना के वक्त वह वहीं एक मकान में काम कर रहा था। उसने जैसे ही चंदन को देखा,अचानक उसपर हमला कर दिया। तब तक पप्पू सिंह का बेटा भी वहां पहुँच गया और उसने तीनों को गोली मार दी। एसपी का कहना है कि परिजनों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तबतक दोनों आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए दो टीम बनाई गई है। फिलहाल दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।