प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के लेप्चा में सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जवानों के साथ दिवाली मनाना गर्व से भरा अनुभव है।
जवान अपने समर्पण से हमारा जीवन रोशन करते हैं। देश जवानों का कृतज्ञ और ऋृणी है।
उन्होंने कहा है कि मैंने हर दिवाली सेना के जवानों के साथ मनाई। जवान जहां तैनात हैं वो स्थान मंदिर से कम नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि भारतीय सेनाओं और सुरक्षा बल के पराक्रम का उद्घोष और यह ऐतिहासिक धरती और दीपावली का त्योहार यह अद्भुत संयोग है।
यह अवसर मेरे लिए भी और देशवासियों के लिए भी जोश से भर देने वाला है। पर्व वहीं होता है जहां परिवार होता है। पर्व के दिन अपने परिवार से दूर सीमा पर तैनात रहना,
यह अपने आप में कर्तव्यनिष्ठा की पराकाष्ठा है। त्योहार के दिन हर किसी को अपने परिवार की याद आती है,
आप सभी उत्साह से भरे हैं क्योंकि आप जानते हैं कि 140 करोड़ देशवासियों का ये बड़ा परिवार भी आपका अपना ही है। देश इसलिए आपका कृतज्ञ और ऋृणी है।
इसलिए दीपावली पर हर घर में एक दीया आपकी सलामती के लिए भी जलता है। इसलिए हर पूजा में एक प्रार्थना आप जैसे वीरों के लिए होती है।
मैं भी हर बार दिवाली पर सेना और अपने सुरक्षा बलों के जवानों के बीच इसी भावना के साथ जाता हूं।
कहा जाता है जहां राम हैं वहीं अयोध्या है। मेरे लिए जिस स्थान पर सेना हैं, वह स्थान किसी भी मंदिर से कम नहीं है। जहां आप (सुरक्षा बल) हैं वहीं मेरा त्योहार है।

