कुवैत में एक इमारत में भीषण आग लग गई। यहां एक इमारत में आग लगने से कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई। देश के सरकारी मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। खबरों के मुताबिक, इस दुखद घटना में कम से कम चार भारतीय भी मारे गए हैं। स्थानीय मीडिया ने बताया कि इमारत में मलयालम लोगों की बड़ी आबादी रहती है। मृतकों मे तमिलनाडु और उत्तर भारत के थे। हालांकि, अधिकारियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी भी बाकी है।
कुवैत स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी बयान के अनुसार, सभी घायल लोगों को, जिनमें कुछ की हालत गंभीर है, इलाज के लिए कई नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। मंत्रालय ने कहा कि इमारत में लगी आग में घायल हुए लोगों को उचित चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए चिकित्सा दल हर संभव प्रयास कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह 4:30 बजे लेबर कैंप की रसोई में आग लग गई। आग देखकर अपार्टमेंट से बाहर कूदने से कुछ लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य जलने और धुएं के कारण दम घुटने से मारे गए।
एक स्थानीय न्यूज एजेंसी के अनुसार इस हादसे में 49 लोगों की मौत हो गई है। खबर है कि मृतकों में से कई भारतीय भी शामिल हैं। भारतीय दूतावास के अनुसार इस हादसे में 30 से अधिक भारतीय घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह कुवैत के दक्षिणी अहमदी प्रांत के मंगफ इलाके में छह मंजिला इमारत की रसोई में आग लग गई थी। जिस इमारत में यह भीषण आग लगी, उसमें 190 से अधिक लोग मौजूद थे और सभी एक ही संस्थान में काम करते हैं। बताया गया है कि इन मजदूरों में कई भारत के रहने वाले थे।
‘मृतकों में अधिकांश भारतीय नागरिक’
कुवैत के फॉरेंसिक विभाग के महानिदेशक मेजर जनरल ईद अल-ओवैहान का कहना है कि मृतकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। उन्होंने बताया कि मृतकों में से अधिकांश केरल, तमिलनाडु और उत्तर भारतीय राज्यों के नागरिक थे। मृतकों की उम्र 20 से 50 साल के बीच बताई गई है।
भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने इसे लेकर हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। दूतावास का कहना है कि इस अग्निकांड में भारतीयों की मौत के संबंध में जानकारी हासिल करने के लिए +965-65505246 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। दूतावास की तरफ से हर संभव मदद का एलान किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक प्रकट किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत में हुए अग्निकांड पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा ‘कुवैत में आग की दुर्घटना दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं, जिन्होंने अपने परिजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। कुवैत में भारतीय दूतावास द्वारा इस घटना पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।’
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जताया दुख
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा ‘कुवैत में आग की घटना से आहत हूं। इस घटना में 40 लोगों की मौत और 50 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की खबर है। हमारे राजदूत शिविर में गये हैं। हम आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।’ विदेश मंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने आशा जताई है कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द ही पूर्ण स्वस्थ होंगे।

