नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार के भीतर से तीन लोगों के शव बरामद किए गए। एक ही गाड़ी में तीन संदिग्ध मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान हो गई है। मृतकों में एक महिला और दो पुरुषों के शव मिले हैं। जिन लोगों के शव मिले, उनकी पहचान रणधीर सिंह (60 वर्ष), लक्ष्मी सिंह (40 वर्ष) और शिव नारायण (46 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में यह मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों मृतकों के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। इसके अलावा, कार की तलाशी लेने पर अंदर मौजूद उनका कीमती सामान भी सुरक्षित पाया गया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि यह लूटपाट या छीना-झपटी के इरादे से की गई हत्या नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स और मौके के हालात को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि तीनों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है।
मृतकों में रणधीर और शिवनरेश दिल्ली के रणहौला इलाके के रहने वाले थे, जबकि महिला लक्ष्मी जहांगीरपुरी की निवासी बताई जा रही है। पुलिस ने कार की फॉरेंसिक जांच करवाने के बाद तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद घटनास्थल पर मौजूद रहकर मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का सही पता चल पाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

