पंजाब के कुछ जिलों में सुबह ड्रोन से हमले का प्रयास किया गया। पाकिस्तान ने जिन शहरों को सुबह निशाना बनाया उनमें जालंधर, गुरदासपुर, तरनतारन, बठिंडा, फिरोजपुर और अमृतसर शामिल हैं। जालंधर में भी सुबह 8:00 बजे से हमले की आशंका के चलते सायरन बजा है। शहर में कई इलाकों में धमाके की आवाज भी सुनी गई है। जालंधर कैंट में रुक-रुक कर सायरन बज रहा है। जालंधर कैंट में पुलिस और सेना की ओर से लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है। वहीं, बठिंडा और अमृतसर में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बठिंडा में एयर फोर्स स्टेशन को पाकिस्तान ने सुबह निशाना बनाने का प्रयास किया । इसी तरह फिरोजपुर में भी ड्रोन हमले सूचना है। प्रशासन की ओर से हमले को लेकर सायरन बजाया जा रहा है। जालंधर में गांव कंगनीवाल गांव में शनिवार तड़के एक बड़ा धमाका हुआ। गांव में मिसाइल के कुछ टुकड़े मिले हैं। इस धमाके से गांव में दो कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं और एक व्यक्ति घायल हुआ है। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कंगनीवाल गांव जालंधर-आदमपुर रोड पर जंडू सिंघा के पास है। यहां से आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन करीब 15 किलोमीटर दूर है।
गुरदासपुर में धमाकों की गूंज, चार KM तक टूटे घरों के शीशे
जिले के गांव छिछरा में सुबह पौने पांच बजे बड़ा धमाका हुआ। गांव के खाली खेत में 40 फीट लंबा 15 फीट गहरा गड्डा बन गया। गांव के लोक इस धमाके की आवाज के बाद सहम गए और तीन से चार किलोमीटर एरिया में लोगों के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गये। गांव छिछरा में रात को चार धमाको की आवाज सुनी गई। सरपंच सुखदेव सिंह के मुताबिक गांव के खेतों में बड़े बड़े गड्डे पड़े हुए हैं। गड्डे के आसपास बमनुमा चीज बिखरी मिली है। इस संबंधी पुलिस को सूचित किया गया है। पंजाब के कई जगहों पर अलर्ट जारी किया गया है। भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का पंजाब पर क्या असर पड़ रहा है। जानने के लिए, निम्न अपडेट देखें।
डीसी जालंधर, हिमांशु अग्रवाल ने आम लोगों के लिए जारी की एडवाइजरी
– बड़ी सभाओं या भीड़ से बचें।
– खुले में घूमने से बचें।
– ऊंची इमारतों में जाने से बचें।
– जल कैंट और आदमपुर के बाजारों को बंद करने का आदेश दिया जा रहा है।
– जिले के बाकी हिस्सों में मॉल और ऊंची व्यावसायिक इमारतें आज बंद रहेंगी।
– शांत रहें। उपरोक्त सभी एहतियाती उपाय हैं।