भोपाल : ग्वालियर–झांसी हाइवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें फॉर्च्यूनर कार में सवार पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना ग्वालियर के मालवा कॉलेज के सामने उस समय हुई, जब तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर रेत से भरी ट्रैक्टर–ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी युवक घटनास्थल पर ही दम तोड़ गए।
जानकारी के अनुसार फॉर्च्यूनर गाड़ी ग्वालियर की ओर जा रही थी। उसी दौरान आगे चल रही रेत से भरी ट्रैक्टर–ट्रॉली से अचानक उसकी टक्कर हो गई। ट्रॉली भारी होने के कारण ज्यादा नहीं खिसकी, लेकिन तेज रफ्तार कार पलभर में पूरी तरह टूट गई। हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने में काफी मेहनत करनी पड़ी, क्योंकि वाहन बुरी तरह दब चुका था। सभी पांच युवकों की मौत टक्कर के तुरंत बाद हो गई थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद हाइवे पर लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने ट्रैफिक जाम हटाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

