बठिंडा में कलयुगी बेटे ने पिता का कत्ल कर दिया। हत्या के सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने घर में ही पिता की लाश जला दी। लेकिन अपराध और सच्चाई छुप नहीं सकती थी और आरोपी बेटे की करतूत जग जाहिर हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बठिंडा के गांव सिवियां के रहने वाले 49 वर्षीय यादविंदर सिंह के तौर पर हुई है। आरोपी ने अपने बुजुर्ग पिता को गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ है कि आरोपी ने बेटे ने जायदाद और रुपयों के लिए बुजुर्ग पिता 70 वर्षीय बिरिंदर सिंह बीर की हत्या की थी। आरोपी ने 19 मई को घटना को अंजाम दिया था। आरोपी बेटे ने पिता की हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उसका घर में ही लकड़ी इकट्ठा कर लाश को जला दिया। आसपास के लोगों को शक हुआ तो मृतक की पत्नी ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया और फिर आरोपी बेटे के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सबूत इकट्ठा किए और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल की गई 12 बोर की राइफल अभी तक बरामद नहीं हुई है।
थाना पुलिस एसएचओ इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार पिता-पुत्र के बीच जमीन और पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जांच यह भी पता चला है कि आरोपी यादविंदर सिंह का अपनी पत्नी के साथ तलाक का मामला चल रहा है, पत्नी उससे अलग रहती है। उसका एक भाई हो जो कनाडा में रहता है। घर में केवल आरोपी यादविंदर और उसके माता-पिता ही रहते थे। घटना वाले दिन आरोपी ने पिता के साथ झगड़ा किया और फिर उसे गोली मार दी। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

