पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को विजिलेंस ब्यूरो ने हिरासत में ले लिया है। बुधवार सुबह विजिलेंस की टीम ने अमृतसर स्थित उनके ग्रीन एवेन्यू आवास पर छापेमारी की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। अब उन्हें अमृतसर से मोहाली ले जाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, विजिलेंस के SSP लखबीर सिंह के नेतृत्व में 15 अधिकारियों की एक टीम आज सुबह मजीठिया के घर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई ड्रग्स से संबंधित मामले को लेकर की गई है। आज अमृतसर में कुल 9 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है।
बिक्रम सिंह मजीठिया के पास से तलाशी के दौरान विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद हुए हैं। इनमें 29 मोबाइल फोन, 04 लैपटॉप, 02 आईपैड, 08 डायरियां और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई को लेकर बिक्रम सिंह मजीठिया ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वह विजिलेंस के अधिकारियों के साथ बहस करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है।
वहीं, मजीठिया की पत्नी गनीव कौर मजीठिया ने आरोप लगाया है कि विजिलेंस के अधिकारी जबरदस्ती उनके घर में दाखिल हुए और उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। उन्होंने कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह की कार्रवाई करना सरासर गलत है। इस घटनाक्रम से पंजाब की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। अकाली दल ने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे भगवंत मान सरकार की तानाशाही बताया है।

