भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स 286 दिनों के बाद धरती पर वापस लौट आई हैं। अंतरिक्ष एजेंसी- नासा के वैज्ञानिकों के मुताबिक सुनीता और बैरी विल्मोर समेत चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर लौटा यान तड़के 3.27 बजे अमेरिका के फ्लोरिडा में समुद्र तल पर उतारा। इस मिशन में नासा के साथ एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स का भी उल्लेखनीय सहयोग रहा। फ्लोरिडा में स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल से लौटे चारों अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी की नासा ने पुष्टि की
सुनीता विलियम्स के सकुशल धरती पर लौटने पर भारत में सुनीता के खानदान के लोगों में खुशी का माहौल है। सुनीता विलियम्स के चचेरे भाई दिनेश रावल ने कहा कि ‘जब वे सुरक्षित लौटीं तो हम खुशी से उछल पड़े। मैं बहुत खुश था। कल से ही हम परेशान थे, लेकिन भगवान ने हमारी प्रार्थना सुन ली और सुनीता सुरक्षित धरती पर लौट आईं। सुनीता कोई आम महिला नहीं है बल्कि वह दुनिया बदलेगी।’स्पेसएक्स कैप्सूल फ्लोरिडा के पनहैंडल में स्प्लैशडाउन हुआ। स्प्लैशडाउन के लगभग एक घंटे के बाद अंतरिक्ष यात्री अपने कैप्सूल से बाहर आए, कैमरों की ओर हाथ हिलाते हुए मुस्कुरा रहे थे। उन्हें चिकित्सा परीक्षण के लिए स्ट्रेचर पर ले जाया गया, जो लंबी अवधि के अंतरिक्ष मिशन के बाद एक सामान्य प्रक्रिया है।5 जून 2024 को नासा का बोइंग क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन लॉन्च किया गया था। इस मिशन के तहत नासा ने अपने दो अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर को आठ दिन की यात्रा पर भेजा। दोनों को स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान के जरिए मिशन पर भेजा गया था। यह अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान की पहली उड़ान थी
जिस मिशन पर सुनीता और बैरी हैं वो नासा के व्यावसायिक क्रू कार्यक्रम का हिस्सा है। दरअसल, नासा का लक्ष्य है कि वह अमेरिका के निजी उद्योग के साथ साझेदारी में अमेरिका से अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक सुरक्षित, विश्वसनीय और कम लागत के मानव मिशन भेजे। इसी उद्देश्य से यह टेस्ट मिशन लॉन्च किया गया था। इस मिशन का लक्ष्य अंतरिक्ष स्टेशन पर छह महीने के रोटेशनल मिशन (बारी-बारी से मिशन) को अंजाम देने की स्टारलाइनर की क्षमता को दिखाना था। लंबी अवधि की उड़ानों से पहले तैयारी को परखने और जरूरी परफॉर्मेंस डेटा जुटाने के लिए क्रू उड़ान परीक्षण को बनाया गया था।
किस वजह से आईएसएस पर ही फंस गईं सुनीता और बैरी?
हालांकि, अंतरिक्ष स्टेशन के लिए स्टारलाइनर की उड़ान के दौरान, अंतरिक्ष यान के कुछ थ्रस्टर्स ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। थ्रस्टर्स’ आमतौर पर कम फोर्स वाले रॉकेट मोटर्स को कहा जाता है। थ्रस्टर्स के कमजोर प्रदर्शन के अलावा स्टारलाइनर के हीलियम सिस्टम में कई लीक भी देखे गए।
सुनीता विलियम्स के धरती पर सुरक्षित लौटने पर खुशी जताते हुए राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया। राजनाथ सिंह ने लिखा कि ‘नासा के क्रू-9 के सुरक्षित लौटने पर खुशी है। क्रू में शामिल भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और अन्य एस्ट्रोनॉट्स ने अंतरिक्ष में इंसानी सहनशक्ति का नया इतिहास लिखा है। सुनीता विलियम्स की अतुलनीय यात्रा, समर्पण और लड़ने की क्षमता से दुनियाभर में करोड़ों लोग प्रेरित हुए हैं। उनका वापस लौटना खुशी का क्षण है। इससे हम सभी गौरवान्वित हुए हैं। उन सभी लोगों को भी बधाई और धन्यवाद, जो क्रू को सुरक्षित धरती पर लेकर लौटे।’ फ्लोरिडा में स्प्लैशडाउन के बाद स्पेसएक्स ड्रैगन से बाहर निकलने वाले तीसरे अंतरिक्ष यात्री बैरी विल्मोर रहे।फ्लोरिडा में स्प्लैशडाउन के बाद स्पेसएक्स ड्रैगन से दूसरे नंबर पर बाहर रूसी अंतरिक्ष यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला गया।फ्लोरिडा में स्प्लैशडाउन के बाद स्पेसएक्स ड्रैगन से सबसे पहले बाहर निकलने वाले अंतरिक्ष यात्री निक हेग रहे। बाहर निकाले जाने से पहले नासा के सौजन्य से मिले वीडियो में देखा जा सकता है कि चारों अंतरिक्ष यात्री अभिवादन कर रहे हैं।
नासा ने अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी के बाद आधिकारिक बयान में कहा, सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित धरती पर लौट चुके हैं। नासा ने कहा कि सभी यात्रियों की तबीयत ठीक है। उन्हें निगरानी में रखा जाएगा। समुद्र से बाहर निकाले जाने की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए नासा ने कहा, कोस्ट गार्ड की टीम ने शानदार काम किया। सफल वापसी के बाद स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने भी बधाई दी। मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स और नासा की टीमों ने एक और सुरक्षित अंतरिक्ष यात्री वापसी कराने में सफलता पाई है। इसके लिए बधाई। उन्होंने इस मिशन को प्राथमिकता देने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद भी दिया।