लुधियाना के गांव नूरपुर बेट में रविवार को पंजाब पुलिस के रिटायर्ड एएसआई, उसकी पत्नी और बेटे की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना का पता उस समय चला जब रिश्तेदार के फोन को एएसआई ने नहीं उठाया तो वह शाम को घर पहुंचा। घर का ताला तोड़ा गया तो भीतर तीनों की लाश पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्ननर मंदीप सिंह सिद्धी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
कुलदीप सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई की नौकरी से 2019 में रिटायर्ड हुआ था। इसके बाद वह हंबड़ा स्थित गांव नूरपूर बेट में पत्नी और बेटे के साथ रहता था। रविवार को उसके रिश्तेदार कुलजीत सिंह की बेटी ने कुलदीप के घर फोन किया, मगर किसी ने नहीं उठाया। उसने अपने पिता को इसकी जानकारी दी और कहा कि वह कुलदीप के घर जाए।
शाम को कुलजीत उसके घर पहुंचा तो मेन गेट खुला था लेकिन अंदर का गेट बंद था। इसके बाद उसने गांव के सरपंच को मौके पर बुला लिया। इसके बाद गेट तोड़ दिया गया। जब वे घर के भीतर गए तो सभी के होश उड़ गए। बरामदे में कुलदीप सिंह की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। जबकि कमरे में बेड पर पत्नी परमजीत कौर और बेटे गुरविंदर सिंह उर्फ पाली का शव पड़ा था। अलमारियों के दरवाजे खुले थे और पैसे नीचे गिरे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू के साथ-साथ पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। सारी जांच टीमें देर रात वहां पहुंच गई। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि हत्या में तेजधार हथियारों को इस्तेमाल हुआ है लेकिन लूट की संभावना कम नजर आ रही है।
एएसआई का रिवाल्वर भी गायब है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

