आज तड़के महाराष्ट्र के रायगढ़ में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक बस गड्ढे में गिर गई। बस के गड्ढे में गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई। जबकि 25 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। इस दुर्घटना के ठीक बाद स्थानीय लोगों ने ही बस में सवार लोगों के बचाव की कोशिशें शुरू कर दीं। बताया गया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
पुलिस के मुताबिक, निजी बस पुणे से मुंबई जा रही थी। मुंबई-पुणे हाईवे पर ही शिंगरोबा मंदिर के पास ही यह नियंत्रण खोकर सड़क से उतरकर गड्ढे में जा गिरी। बस में 40 के करीब यात्री सवार थे। राहत-बचाव कर्मियों ने सभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाना जारी रखा है।

घायलों को खोपोली ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल जेंडे ने बताया कि हताहतों की उम्र 18 से 25 साल के बीच है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय पुलिस का एक दल और ट्रैकर का एक समूह बचाव अभियान में लगा हुआ है। खोपोली शहर मुंबई से लगभग 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

