पंजाब कांग्रेस ने विधायक राणा गुरजीत सिंह को रविवार को बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें जालंधर लोकसभा उपचुनाव में प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने यह नियुक्ति की है। पंजाब कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट कर यह जानकारी दी है। ट्वीट में लिखा है कि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूर्व कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह को आने वाले जालंधर लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

इससे पहले गुरुवार को जालंधर की नौ विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने प्रभारियों के साथ दो-दो सह प्रभारियों की नियुक्ति की थी। कांग्रेस ने फिल्लौर में इंद्रबीर सिंह बुलारिया प्रभारी, बलविंद्र सिंह धालीवाल और सुखपाल सिंह भुल्लर को सह प्रभारी नियुक्त किया था। वहीं नकोदर में बरिंद्र सिंह पाहड़ा को प्रभारी, संतोख सिंह भलाईपुर व मलकीत सिंह दाखा को सह प्रभारी, शाहकोट में तृप्त राजिंद्र सिंह बाजवा प्रभारी, कुलबीर सिंह जीरा व कुशलदीप सिंह ढिल्लों को सह प्रभारी, करतारपुर में सुखबिंद्र सिंह सुख सरकारिया को प्रभारी, हर प्रताप सिंह अजनाला व हरमिंद्र सिंह गिल को सह प्रभारी बनाया गया
वहीं जालंधर वेस्ट में विजय इंद्र सिंगला को प्रभारी, कुलदीप सिंह वैद व दविंदर घुबाया को सह प्रभारी, जालंधर सेंट्रल में राणा कंवरपाल सिंह प्रभारी, रमिंद्र आवला और संजय तलवाड़ को सह प्रभारी, जालंधर नॉर्थ में हरदयाल सिंह कंबोज को प्रभारी, अमित विज व सुनील दत्ती को सह प्रभारी, जालंधर कैंट में राजकुमार चब्बेवाल प्रभारी, अरुण डोगरा व बलदेव सिंह जैतो को सह प्रभारी, आदमपुर में गुरकीरत सिंह कोटली को प्रभारी, लखबीर सिंह लक्खा व गुरप्रीत सिंह जीपी को सह प्रभारी नियुक्त किया।
जनवरी महीने में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जांलधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन हो गया था। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद से यह सीट रिक्त है। अब यहां उपचुनाव होने हैं। कांग्रेस किसी भी हाल में अपनी यह सीट खोना नहीं चाहती है। उम्मीद यह भी जताई जा रही है कि इसी बीच नगर निगम चुनाव भी हो सकता है। यही वजह है कि कांग्रेस पूरी तरह से किलेबंदी में लगी है।

