विजिलेंस विभाग फिरोजपुर की टीम ने मंगलवार को अबोहर तहसील परिसर में कार्यरत एक बिल क्लर्क को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू किया। डीएसपी विजिलेंस फिरोजपुर राज कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी
कि बिल क्लर्क रोहित कुमार पहले डीसी आफिस फाजिल्का में कार्यरत था और अब अबोहर एसडीएम ऑफिस में ड्यूटी कर रहा है। रोहित ने शिकायतकर्ता से बिल पास करने के बदले 21 हजार की डिमांड की थी। उनका सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ था।
शिकायतकर्ता ने 10 हजार पहले दे दिए थे व बाद में उसने शिकायत दर्ज करवाई। मंगलवार को जैसे ही रोहित कुमार ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लिए तो विजिलेंस विभाग की टीम ने उसे रंगे हाथों काबू कर लिया। इस मौके पर उनके साथ इंस्पेक्टर नवनीत कौर भी मौजूद थीं।
उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ मामला दर्ज कर अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी जिसके बाद आगामी कारवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग की टीम ने आफिस से कुछ रिकार्ड भी अपने कब्जे में लिया है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस बिल क्लर्क ने इससे पहले कितने बिलों को पास करने में रिश्वत ली है।

