नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रनवे पर 72 सीटों वाला यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। बचाव कार्य जारी है। फिलहाल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। हादसे की वजह का अब तक पता नहीं चल सका है।
हादसे की जानकारी देते हुए येती एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने बताया कि यति (Yeti) एयरलाइंस के विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे। इसमें दो बच्चों समेत 10 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। विमान पुराने हवाई अड्डे और पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। सेना के प्रवक्ता की ओर से बताया गया कि अब तक 16 शवों को बरामद कर लिया गया है।
नेपाल की स्थानीय मीडिया की मानें तो हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई है। कुछ रिपोर्ट्स में 30 लोगों के शव बरामद किए जाने का दावा किया जा रहा है। वहीं, कुछ 15 मौतों की सूचना दे रही हैं। हालांकि, एयरलाइंस और सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
पोखरा हवाई अड्डे पर यात्री विमान दुर्घटना के बाद नेपाल सरकार ने कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री पुष्प कल दहल ‘प्रचंड’ ने बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दे दिए हैं। सेना ने भी मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है।
जानकारी के मुताबिक, विमान पहाड़ी से टकरा गया। लैंडिंग से पहले हुई इस दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। पोखरा के समीप दुर्घटनाग्रस्त हुआ यात्री विमान ATR-72 यति एयरलाइंस का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की गई तस्वीरों और वीडियो में दुर्घटनास्थल से धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। हेलीकॉप्टर से दुर्घटनास्थल पर एक बचाव दल तैनात किया गया है।

