पंजाब के अमृतसर में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना यहां की हकीमां गेट थाना क्षेत्र के अमन एवेन्यू कॉलोनी की है। वारदात को मंगलवार की रात 12 बजे अंजाम दिया गया है।
मामला पैसों के लेन-देन का बताया जा रहा है। पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके दो लड़कों को गिरफ्तार किया है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनके कब्जे से वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली है। शक्ति नगर निवासी किरण ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले मोहिंदर भट्टी नामक व्यक्ति से 1.5 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे।
उन्होंने ब्याज समेत पांच लाख रुपये आरोपी को लौटा चुकी। बावजूद इसके आरोपी ने उनसे उनका मकान छीन लिया। इसे लेकर हकीमां गेट थाने में एक राजीनामा भी हुआ था।
पीड़िता ने बताया कि मंगलवार रात भी जब राहुल अमन एवेन्यू गया तो मोहिंदर भट्टी और उसके दोनों लड़के मयंक भट्टी व हैदर भट्टी ने राहुल के साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया।
इस दौरान आरोपियों ने गोली मारकर बेटे की हत्या कर दी। थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि मोहिंदर भट्टी और उसके लड़कों मयंक भट्टी और हैदर भट्टी के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

