कपूरथला शहर में रमणीक चौक के नजदीक देर रात एक तेज रफ्तार क्रेटा कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक पुलिसकर्मी की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि कार में सवार उसका साथी दोस्त गंभीर घायल हो गया जिसे पीसीआर टीम की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला इलाज के लिए ले जाया गया लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्यूटी डॉक्टर ने रेफर कर दिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक पुलिस कर्मचारी आकाशदीप 27 वर्षीय ने अपने पिता के स्थान पर वर्ष 2019 में पुलिस विभाग ज्वाइन किया था। और वह बतौर गनमैन आम आदमी पार्टी के नेता जोगिंदर मान तथा केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश की पत्नी के गनमैन के तौर पर भी काम कर चुका है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस कर्मचारी आकाशदीप 27 वर्षीय पुत्र बक्शीश सिंह वासी गांव कोकल पुर, हाल वासी थाना सदर कॉलोनी अपनी क्रेटा कार में अपने दोस्त युद्धवीर के साथ देर रात लगभग 2 बजे कहीं से आ रहा था कि अचानक रमणीक चौक के नजदीक उसकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई।
हादसा इतना भयानक था कि कार चालक आकाशदीप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी दोस्त युद्धवीर सिंह को घायल अवस्था में उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। जोकि लुधियाना के DMC में उपचाराधीन है।

जानकारी के अनुसार आकाशदीप का दोस्त युद्धवीर कल दोपहर ही विदेश से लौटा था। और रात को वह इस भयानक हादसे में गंभीर घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पीसीआर टीम तथा सिटी पुलिस के कर्मचारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। और मामले की जांच शुरू कर दी है।

