चंडीगढ़ के पास स्थित डेराबस्सी में महिला एएसआई द्वारा रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। डेराबस्सी में दुष्कर्म पीड़ित महिला से रिश्वत लेते महिला एएसआई का वीडियो वायरल होने पर सोमवार रात केस दर्ज कर लिया गया। एएसपी डेराबस्सी डॉ. दर्पण आहलूवालिया के निर्देश पर आरोपी महिला एएसआई प्रवीण कौर पर यह कार्रवाई की गई। वीडियो कुछ समय पहले का है। तब आरोपी प्रवीण कौर डेराबस्सी थाने में तैनात थी। फिलहाल उसकी तैनाती पुलिस लाइन में है। केस दर्ज कर डेराबस्सी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले में एएसपी डेराबस्सी दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि वायरल वीडियो में एएसआई प्रवीण कौर वर्दी में एक महिला के घर पर बैठी है और उससे पैसे ले रही है। इसे देखकर लगता है कि उक्त महिला से पुलिसकर्मी किसी काम के बदले पैसे ले रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए प्रवीण कौर के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
उधर, पीड़ित महिला का आरोप है कि अप्रैल 2022 में एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। डेराबस्सी पुलिस ने केस दर्ज करने के कई महीने बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह मामले में कार्रवाई को लेकर डेराबस्सी थाने के चक्कर लगाती रही लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस बीच महिला एएसआई प्रवीण कौर घटना स्थल का नक्शा बनाने उसके घर पर आई थी। इस दौरान उसने उससे 20 हजार रुपये लिए थे। इसके बाद 10 हजार रुपये और लेकर गई थी। जब डीआईजी के पास वह मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने गई थी तब प्रवीण कौर उसकी कार भी मांगकर ले गई थी।
पीड़िता के मुताबिक, जब महिला एएसआई उसके घर आई थी और उससे पैसे लेकर जेब में रख रही थी तब उसके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू थे। इसमें पूरी घटना कैद हो गई। पहले इस मामले की शिकायत उन्होंने डेराबस्सी पुलिस से की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने विजिलेंस से शिकायत दी। पीड़िता ने डेराबस्सी थानाध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके बाद पुलिस ने सोमवार देर रात मामला दर्ज कर लिया है

