ठेके के दो कारिंदे से नकदी लूटी, फिर डल्ला में एक व्यक्ति से लूटी नकदी व मोबाइल
सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने पांच किमी मक्खू तक पीछा करके एक लुटेरा दबोचा, इनोवा जब्त, केस दर्ज
सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला): बीती रात इनोवा में सवार लुटेरों ने गन प्वाइंट पर सुल्तानपुर लोधी-कपूरथला मार्ग पर झल्ललेईवाला अड्डे पर स्थित शराब का ठेका लूटा। फिर उसके बाद डल्ला रोड पर एक व्यक्ति से हजारों की नकदी व मोबाइल लूट कर फरार हो गए। लुटेरों ने ठेके के दो कारिंदों को जख्मी भी कर दिया। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने जब सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची तो लुटेरे फिल्मी स्टाइल में फिरोजपुर की तरफ भाग गए।

पुलिस ने लुटेरों का पीछा करते हुए हवाई फायर किए और पांच किलोमीटर पीछा करके मक्खू के एक गांव के पास इनोवा सवार एक लुटेरे को दबोच लिया। जबकि ब की लुटेरे फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक लुटेरों ने क्षेत्र में और भी कई वारदातों को अंजाम दिया है।

पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।हिमाचल प्रदेश निवासी शमी व रामसरूप निवासी सुल्तानपुर लोधी ने बताया कि बीती रात 5 अज्ञात युवक एक इनोवा कार में आए और आते ही उन पर राइफल तान दी और गल्ले में पड़े करीब 7 हजार रुपये ले लिए। वहीं रामसरूप ने कहा कि लुटेरों ने उसकी जेब में मौजूद 2 हजार रुपये और पर्स भी ले लिया।

उन्होंने हम पर धारदार हथियारों से हमला करके जख्मी कर दिया। इसके बाद उक्त लुटेरों ने डल्ला रोड निवासी वरिंदर मोमी के साथ भी लूटपाट की। इस लूट में लुटेरों ने 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन कर ले गए। इसके अलावा भी लुटेरों ने कई घटनाओं को अंजाम दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जब पुलिस को इस घटना की जानकारी हुई तो उक्त लुटेरों का थाना सुल्तानपुर लोधी ने पीछा किया। लुटेरों और पुलिस के बीच भी मुठभेड़ भी देखने को मिली। पुलिस और दोनों लुटेरे दोनों की तरफ से फिरोजपुर हाईवे पर फायरिंग भी हुई।
डीएसपी सुल्तानपुर लोधी सुखविंदर सिंह ने बताया कि एसएचओ जसपाल सिंह की रहनुमाई में दो गाडियों में सवार होकर पांच किलोमीटर लुटेरों का पीछा करके देर रात एक बजे मक्खू के गांव के पास से एक लुटेरे सन्नी निवासी जिला हकीमपुर यूपी को इनोवा समेत दबोच लिया। जबकि बाकी लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
डीएसपी ने लुटेरों की ओर से फायरिंग करने की बात को सिरे से नकार दिया। आरोपी से दो दातर बरामद हुए हैं। डीएसपी ने केवल ठेका लूटने की पुष्टि की है, एक अन्य व्यक्ति को लूटने से अनभिज्ञता जताई है। डीएसपी ने दावा किया कि गिरफ्तार आरोपी का चार दिन का रिमांड हासिल किया है। बाकी आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लुटेरों ने क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दिया है।

