जालंधर, 18 नवंबर: डीसी जसप्रीत सिंह ने आज कहा कि लोगों की संपत्तियों से संबंधित लंबित मामलों के निपटारे के लिए 21 नवंबर को तहसील जालंधर-1 और तहसील जालंधर-2 में एक विशेष कैंप लगाया जा रहा है, जिसमें पंजाब के राजस्व मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा और वित्त आयुक्त राजस्व के.ए.पी. सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इस संबंध में और जानकारी देते हुए डीसी ने बताया कि सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस कैंप में तहसीलदार जालंधर-1, तहसीलदार जालंधर-2, नायब तहसीलदार जालंधर-1 व नायब तहसीलदार जालंधर-2 से संबंधित लंबित प्रापर्टी इंतकालों के मामलों पर फैंसला लेकर संबंधित पक्षों को मौके पर ही राहत दी जाएगी। उपायुक्त ने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को कैंप में इंतकाल मंजूर करवाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से ही कर लिए जाएं।
लोगों को कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिन लोगों की संपत्तियों की रजिस्ट्री के बाद इंतकाल लंबित है, वे कैंप में समय से पहुंचकर सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदक अपनी जमीन के मालिकाना हक के दस्तावेज इस कैंप में लेकर आएं।

