किसानों को मंडियों में सुखी फसल लाने की अपील
जालंधर जिले में हुई 124853 मीट्रिक टन धान की खरीद, 208 करोड़ रुपये का भुगतान
करतारपुर (जालंधर), 12 अक्तूबर ( टॉक हिंदुस्तान) पंजाब के खाद्य आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारुचक ने आज स्थानीय अनाज मंडी का दौरा किया और धान की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया।
करतारपुर से विधायक बलकार सिंह और आम आदमी पार्टी नेता जोगिंदर सिंह मान के साथ खाद्य मंत्री ने मंडी में गाँव पत्तडकलां के किसान सुखविंदर सिंह की फसल की खरीद करवाई और कहा कि पंजाब सरकार ने मंडियों में किसानों, आडतियों और मजदूरों की सुविधा के लिए उचित प्रबंध किए है। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में 13.25 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान आ चुका है, जिसकी साथ ही खरीद हो रही है।

लाल चंद कटारुचक ने किसानों से मंडियों में सूखा धान लाने का आग्रह करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों की फसलों का अनाज खरीदने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि एक अक्तबूर से राजपुरा में खरीद शुरू करने के बाद वह खरीद प्रक्रिया की समीक्षा के लिए राज्य के विभिन्न मंडियो का दौरा कर रहे हैं ताकि जहां भी कोई समस्या आए उसका तुरंत समाधान किया जा सके।
खाद्य मंत्री ने कहा कि जालंधर जिले की मंडियो में सीजन के दौरान करीब 11 लाख मीट्रिक टन धान आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अब तक जिले की मंडियो में 126490 मीट्रिक टन धान आ चुका है, जिसमें से 124853 मीट्रिक टन फसल खरीदी जा चुकी है और खरीदी गई फसल के लिए किसानों को 208 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

