करतारपुर (जसवंत वर्मा ) रूटीन टीकाकरण से वंचित रह गए बच्चों और गर्भवती महिलाओं का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 10 नवंबर से 17 नवंबर तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। सिविल सर्जन जालंधर डॉ. राजेश गर्ग के निर्देशानुसार, ब्लॉक करतारपुर के अंतर्गत आने वाले गांवों में सीनियर मेडिकल अधिकारी डॉ. किरण कौशल की अगुवाई में विशेष टीकाकरण कैंप लगाए जा रहे हैं। इस अवसर पर एल.एच.वी. इंद्रा, ए.एन.एम. अमरजीत कौर, जग रूप कौर, प्रदीप कौर, नीतू और आशा वर्कर रीता व कुसुम द्वारा बच्चों का टीकाकरण किया गया।
डॉ. किरण कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष सप्ताह के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से उन बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा रहा है जो किसी कारणवश रूटीन टीकाकरण से वंचित रह गए थे। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य 100 प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना है, ताकि हर बच्चा और गर्भवती महिला पूर्ण सुरक्षा प्राप्त कर सके। उन्होंने बताया कि हर वर्ष लाखों बच्चों की मृत्यु ऐसी बीमारियों के कारण हो जाती है,
जिनसे टीकाकरण के माध्यम से बचा जा सकता है। पूर्ण टीकाकरण से बच्चों की रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है और वे कई गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं। बीईई राकेश सिंह ने बताया कि विशेष टीकाकरण सप्ताह के दौरान हाई रिस्क क्षेत्रों, स्लम इलाकों, प्रवासी आबादी, झुग्गी-झोपड़ियों, भट्ठों और दुर्गम क्षेत्रों को विशेष रूप से कवर किया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

