नागपुर में एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स अपनी मृत पत्नी के शव को बाइक से बांधकर ले जाते हुए दिखा। इस घटना वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस दिल दहलाने वाली शर्मनाक घटना ने मानवता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल, 35 वर्षीय अमित यादव अपनी पत्नी ग्यारसी का शव मोटरसाइकिल पर बांधकर ले जा रहा था। राह में लोग हैरान थे, कुछ ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वह बिना रुके आगे बढ़ता गया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय ग्यारसी यादव के रूप में हुई। घटना देवलापार थाना क्षेत्र के मोरफटा इलाके में हुए, जब तेज़ रफ़्तार ट्रक की चपेट में आने से ग्यारसी की मौके पर ही मौत हो गई। यह दंपती मूल रूप से मध्य प्रदेश के सिवनी के रहने वाले हैं और पिछले 10 वर्षों से नागपुर के पास लोनारा में रह रहे थे।
रक्षाबंधन के दिन अपनी पत्नी के साथ लोनारा से करणपुर जा रहे अमित ने हादसे के बाद कई बार गुजरते वाहनों से मदद मांगी, लेकिन कोई नहीं रुका। आखिरकार उन्होंने शव को बाइक से बांधकर ले जाना शुरू किया। इस दौरान हाईवे पुलिस ने बाइक सवार को रोकने की कोशिश की, लेकिन अमित नहीं रुके। बाद में पुलिस ने उन्हें रोककर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागपुर के मेयो अस्पताल भेज दिया।

