श्रीनगर – कुलगाम के अखल देवसर वन क्षेत्र में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान में सेना के दो जवान शहीद हो गए और 2 अन्य घायल हो गए। दोनों शहीद जवान पंजाब के थे। दोनों के नाम फतेहगढ़ साहिब के गांव बदीनपुर के 26 वर्षीय सिपाही हरमिंदर सिंह और खन्ना के गांव मानूपुर के 28 वर्षीय लांस नायक प्रितपाल सिंह हैं।
चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “चिनार कोर अपने वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देता है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण दिए। उनका साहस और समर्पण हमें हमेशा प्रेरित करेगा। भारतीय सेना गहरी संवेदना व्यक्त करती है और शोकग्रस्त परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है।” रक्षाबंधन से ठीक पहले आई इस खबर ने दोनों परिवारों में मातम का माहौल बना दिया है। प्रितपाल सिंह की शादी को अभी सिर्फ 11 महीने ही हुए थे। उनकी पत्नी राखी पर घर में खुशियां मनाने की उम्मीद कर रही थीं। वहीं हरमिंदर सिंह की मां और बहनें उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रही थीं।

