झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तबीयत शनिवार सुबह अचानक बिगड़ गई। वह अपने आवास के बाथरूम में गिर गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है। जांच में दिमाग में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) जमने की बात सामने आई है, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस के जरिए जमशेदपुर से दिल्ली भेजा गया है।
यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दी। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह रामदास सोरेन अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे। उन्हें तत्काल जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की जांच में पता चला कि सिर में चोट लगने की वजह से उनके दिमाग में खून का थक्का जम गया है।
स्वास्थ्य मंत्री अंसारी ने बताया, मैं लगातार उनके परिवार के संपर्क में हूं और उनकी हालत पर नजर रख रहा हूं। जमशेदपुर में प्राथमिक उपचार के बाद, परिवार ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि सोरेन को किडनी से जुड़ी बीमारी भी है और उनका इलाज पहले से ही दिल्ली में चल रहा था। इसी वजह से उन्हें एयर एम्बुलेंस द्वारा दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
रामदास सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वह झारखंड आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक रहे हैं। हाल ही में चंपई सोरेन के JMM छोड़कर बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी में उनका कद और भी बढ़ गया था। उनके स्वास्थ्य को लेकर राज्य के राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल है।

