जालंधर में 114 वर्षीय एथलीट फौजा सिंह को टक्कर मारने वाले कार ड्राइवर को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार देर रात पुलिस ने 30 वर्षीय एनआरआई अमृतपाल सिंह ढिल्लों को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी (पीबी 20 सी 7100) भी बरामद कर ली है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अमृतपाल को थाने लाकर पूछताछ की गई जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल किया। आरोपी ने बताया कि वह मुकेरिया से फोन बेचकर लौट रहा था, और जब वह ब्यास पिंड के पास पहुंचा तो एक बुजुर्ग उसकी गाड़ी की चपेट में आ गए। उसे नहीं पता था कि वो बुजुर्ग फौजा सिंह हैं।
आरोपी अमृतपाल सिंह ढिल्लों जालंधर के करतारपुर के दासूपुर गांव का निवासी है। हादसे के बाद वह जालंधर नहीं आया बल्कि गांव-गांव होते हुए सीधा करतारपुर पहुंच गया। पुलिस ने उसके करतारपुर स्थित घर से उसे गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि यह गाड़ी कपूरथला के अठौली गांव के वरिंदर सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड थी। वरिंदर ने बताया कि उसने यह गाड़ी एनआरआई अमृतपाल सिंह को बेची थी। अमृतपाल हाल ही में कनाडा से लौटा था। पुलिस अब आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि आगे की जांच की जा सके। फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी और गाड़ी की बरामदगी से केस में बड़ा खुलासा हुआ है और पुलिस इसे अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है।

