राजस्थान के करौली जिले में मंगलवार देर रात को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक निजी बस और कार के बीच जबरदस्त टक्कर हुई है। हादसे में कार सवार 5 लोगों की मौत हो गई है जबकि बस में सवार 15 यात्री भी जख्मी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा इतना गंभीर था कि कार और बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे।
घटना की सूचना मिलने पर DM नीलाभ सक्सेना, SP बृजेश ज्योति उपाध्याय और ASP गुमनाराम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार और बस में फंसे लोगो को निकलवाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों पति, पत्नी, बेटा-बेटी और एक महिला रिश्तेदार शामिल है। मृतकों की कार में मिले आधार कार्ड से सभी की शिनाख्त हुई है। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के इंदौर से कुछ लोग कार में सवार होकर कैला देवी के दर्शन करने गए थे। ये लोग देवी के दर्शन करके लौट रहे थे इसी दौरान कार हादसे का शिकार हो गई।
मृतकों की पहचान नयन देशमुख, प्रीति भट्ट, मनस्वी देशमुख, खुश देशमुख और अनीता देशमुख के रूप में हुई है। ये सभी मूल रूप से इंदौर, मध्य प्रदेश के निवासी थे और वर्तमान में बड़ोदरा, गुजरात में रह रहे थे। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना बस चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुई प्रतीत होती है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

