पंजाब में निवेश की गति को जारी रखते हुये मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को मॉडर्न ऑटोमोटिव्स लिमिटेड को प्रदेश में अपने प्रोजेक्ट का विस्तार करने और लग्जरी कार निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू के अहम पार्ट्स बनाने में पूर्ण सहयोग और मदद का भरोसा दिया।

मॉडर्न ऑटोमोटिव्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों आदित्य गोयल, सुहेल गोयल और मनीष बग्गा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि मॉडर्न ऑटोमोटिव्स देश की पहली कंपनी है, जिसे जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी बीएमडब्ल्यू ए.जी. म्यूनिख द्वारा पिनियन शाफ्ट की डिलीवरी के लिये मंजूरी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि 150 करोड़ रुपए की लागत वाले 25 लाख यूनिट के लिये ऑर्डर की पुष्टि हो चुकी है। उन्होंने बताया कि विकास और परीक्षण के लिये सैकड़ों करोड़ रुपये के निवेश वाले मॉडल शामिल किये जायेंगे। यह पूरा काम एक ही स्थान पर होगा, जिससे अतिरिक्त उत्पादन इकाइयां जोड़ी जायेंगी और इससे न केवल और अधिक राजस्व आयेगा, बल्कि रोजगार के कई अवसर भी पैदा होंगे।

मान ने अगले महीने संयंत्र की नींव रखने के लिये प्रतिनिधिमंडल से मिले निमंत्रण को स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि यह गर्व और संतोष की बात है कि प्रमुख ऑटोमोटिव दिग्गज बीएमडब्ल्यू के पार्ट्स अब प्रदेश में तैयार किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि यह कदम पंजाब को अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर उजागर करने के साथ-साथ राज्य के औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में निवेशकों की भलाई के लिये सही मायनों में सिंगल विंडो सिस्टम वाली उद्योग-समर्थक सरकार है। उन्होंने कहा कि पंजाब संभावनाओं की धरती है और दुनिया भर की प्रमुख कंपनियां राज्य में निवेश करने के लिये तैयार हैं।

