हरियाणा के फतेहाबाद के टोहाना क्षेत्र में एक पिता ने अपने 16 वर्षीय बेटे की हत्या कर दी। पिता नशे का आदी है और शाम को बाप-बेटे में लड़ाई हुई थी। इसके बाद आधी रात को पिता ने चारपाई के पाये से अपने बेटे के सिर पर वार कर उसे मार डाला। सचिन 10वीं कक्षा का छात्र था और तीन बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने किशोर की मां की शिकायत पर धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुबह उन्हें नागरिक अस्पताल से सूचना मिली थी कि गांव कन्हडी से एक ब्रॉड डेड युवक लाया गया है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि युवक के सिर पर कई बार किए गए थे। इसके बाद युवक की मां से शिकायत मिली। कन्हड़ी गांव निवासी माया देवी ने बताया कि उसका पति दलबीर सिंह शराब पीने का आदी है। इसी बात को लेकर घर में अक्सर क्लेश रहता है। शनिवार शाम को दलबीर सिंह और उनके बेटे 16 वर्षीय सचिन के बीच कहासुनी हो गई थी।

रात करीब 3:00 बजे उसके पति ने उसे उठाकर बताया कि उसने सचिन को मार डाला है। वह उठी तो पता चला कि सचिन के सिर पर चारपाई के पाये से कई बार किए गए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। वे बेटे को तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल बेटे की हत्या के बाद आरोपी पिता फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

