जालंधर: जालंधर में सुबह-सुबह दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार एक टिप्पर चालक ने बाइक सवार बाप-बेटे को कुचल दिया है, जिसमें मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया है। नकोदर रोड पर खालसा स्कूल के पास हादसा पेश आया है। हादसा इतना भयानक था कि बाप-बेटे के टुकड़े हो गए। वहीं भार्गव कैंप थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान हेरां गांव के रहने वाले जसवीर सिंह (42) और क्रमण सिंह (16) के रूप में हुई है।
जसवीर के जीजा मोहिंदर सिंह ने बताया कि आज बेटी की शादी थी। हमें मकसूदां मंडी में सब्जी लेने के लिए जाना था। मैं बाइक पर थोड़ी आगे निकल गया। दूसरी बाइक पर जसवीर और क्रमण आ रहे थे। कुछ दूरी पर जाकर जब जसवीर नहीं आया तो उसने कॉल की, लेकिन किसी ने कॉल नहीं उठाई।

तब उसने गांव में कॉल कर कहा कि जसवीर और क्रमण फोन नहीं उठा रहे हैं। इसके बाद वह अपनी बाइक पर वापस आने लगा। जब खालसा स्कूल डंप के पास पहुंचा तो उसे एक्सीडैंट के बारे में पता लगा, जिसके बाद उसने परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौका लगते ही ड्राइवर टिप्पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने पीछा कर करीब 1 किलोमीटर दूर ड्राइवर को पकड़ लिया। टिप्पर बठिंडा की किसी फर्म का है। पुलिस ने टिप्पर को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही मालिक को सूचना दी गई है।
हादसा इतना दर्दनाक था कि शव बुरी तरह कुचले जा चुके थे। सड़क पर बाप-बेटे के शरीर का कोई हिस्सा कहीं पड़ा था तो कुछ हिस्से कहीं और पड़े थे। सड़क भी खून से बिल्कुल लाल हो गई। पुलिस ने पहले सभी अंगों को इकट्ठा किया, इसके बाद लिफाफे में डालकर उन्हें अस्पताल भिजवाया।

