संगरूर: संगरूर में बने मेरिटोरियस स्कूल के हॉस्टल में देर रात खाना खाने के बाद लगभग 40 के करीब बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले की जानकारी मिलते ही पंजाब के शिक्षामंत्री हरजोत बैंस अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हालचाल जाना।
अस्पताल में उपचाराधीन बच्चों ने स्कूल में मिल रहे भोजन को घटिया होने की बात कही। दरअसल, सरकारी मेरिटोरियस स्कूल में खराब भोजन खाने से शुक्रवार देर रात 18 बच्चों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जिसमें से 14 बच्चों को प्राथमिकी इलाज कर छुट्टी दे दी गई, जबकि 4 बच्चों की हालत गंभीर होने की वजह से भर्ती कर लिया है।
शनिवार सुबह स्कूल से 20 बच्चों को भर्ती करवाया गया। भर्ती बच्चों के मुंह से झाग, पेट में दर्द व उल्टियां होने की शिकायत सामने आई है। अस्पताल में भर्ती बच्चों ने कहा कि उन्हें दीपावली के बाद से ही घटिया सामग्री वाला खाना खिलाया जा रहा है। इस संबंधी प्रबंधकों को शिकायत भी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बच्चों ने कहा कि शुक्रवार रात का भोजन सही नही था लेकिन मैस के ठेकेदार ने इस के बावजूद खराब खाना ही परोस दिया। अभिभावकों ने कहा कि कई बार खाने को लेकर बच्चों से आई शिकायत के आधार पर प्रबंधकों को बताया गया है, लेकिन कोई कार्रवाई न होने के चलते उनके बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। अभिभावकों ने मामले की जांच कर घटिया सामग्री परोसने वालों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं इस पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी बना दी गई है। शिक्षामंत्री ने 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट मांगी है और साथ ही कहा है कि किसी कसूरवार को बक्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा हॉस्टल की कैंटीन का कॉन्ट्रेक्ट कैंसल कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर हॉस्टल में एक मेडिकल टीम तैनात कर दी गई है ताकि किसी को भी दिक्कत आए तो उसे तुरंत मदद दी जा सके।

