फरीदकोट जिले के उपमंडल जैतो के गांव कसम भट्टी गांव में स्कूल के पास बाबू राम नामक मजदूर का घर है। मंगलवार सुबह बाबू राम की 85 वर्षीय बुजुर्ग मां चाय बनाने लगीं तो अचानक गैस रिसाव की वजह से सिलिंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की वजह से घर का पूरा सामान नष्ट हो गया और छत ढह गई।
वहीं 55 वर्षीय बाबू राम और उनकी बूढ़ी मां को गंभीर चोट आई है। उन्हें तुरंत जैतो की एक समाजसेवी संस्था के सहयोग से सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाबू राम और उनके बेटे ने बताया कि जब वह चाय बनाने लगीं तो सिलिंडर से गैस लीक होने की वजह से आग लग गई। उन्होंने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूरी करके अपने घर का भरण-पोषण करते हैं और बड़ी मुश्किल से घर का फर्नीचर खरीदा था। धमाके की वजह से पूरी तरह नष्ट हो गया है। अब उनके सिर पर छत तक नहीं है।

